नम आंखों के बीच हजारों लोगों ने विधायक उमाशंकर को किया नमन

Spread the love

रसड़ा से बलिया तक उमड़े जनसैलाब ने दी श्रद्धांजलि

शिवरामपुर गंगा तट पर राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंत्येष्टि

बलिया। संवाददाता रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक स्व उमाशंकर सिंह की उनके पैतृक गांव से निकली अंतिम यात्रा में शुक्रवार को शामिल हजारों लोगों ने आंखों में आंसुओं के साथ नमन करते हुए श्रद्धांजलि दिया। पैतृक गांव खनवर से लेकर बलिया शहर के शिवरामपुर गंगा तट तक हजारों की संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन और बिदाई के लिए सड़क के दोनों तरफ खड़े रहें। सड़कों पर उमाशंकर सिंह अमर रहें के नारों से माहौल गमगीन रहा। लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।

खनवर स्थित आवास पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां मंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और हजारों समर्थकों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला कई घंटों तक जारी रहा।

अंतिम यात्रा खनवर स्थित आवास से शुरू होकर बछईपुर, सलेमपुर, चोगड़ा, कुकुरहा, हजौली और चिलकहर होते हुए बलिया शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर शिवरामपुर गंगा तट पहुंचा। रास्ते भर जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। कई स्थानों पर ग्रामीण, व्यापारी और सामाजिक संगठनों के लोग सड़क किनारे खड़े होकर अंतिम दर्शन करते रहे।

बेटा युकेश और अनुज रमेश सिंह दिखाई दिए भावुक

 

बलिया। अंतिम यात्रा के दौरान विधायक के अनुज रमेश सिंह और पुत्र प्रिंस युकेश सिंह बेहद भावुक दिखाई दिए। दोनों की आंखों से लगातार बहते आंसुओं ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। बड़ी संख्या में समर्थक परिवार को ढांढस बंधाते रहे और यह भरोसा दिलाते रहे कि पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है।

राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

गंगा तट पर धार्मिक रीति-रिवाजों और पूरे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधायक उमाशंकर सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र प्रिंस युकेश सिंह ने मुखाग्नि दी। पुलिस के जवानों ने गाड आफ आनर दिया। अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। मुखाग्नि देते समय विधायक पुत्र युकेश सिंह तथा पुत्री यामिनी सिंह फफक फफक कर रो पड़ी। लोगों ने दोनों को सांत्वना देकर चुप कराया।

डीएम-एसपी ने दी विधायक को श्रद्धांजलि

विधायक उमाशंकर सिंह के खनवर गांव पहुंचे डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह ने खनवर दिवंगत विधायक को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया तथा परिवार के लोगों को सांत्वना दिया। अंत्येष्टि स्थल पर विधायक उमाशंकर सिंह के पिता घुरहू सिंह तथा ससुर शिवशंकर सिंह ने नम आंखों से विधायक को श्रद्धांजलि दिया।

अंतिम यात्रा के दौरान तैनात रहा प्रशासन

अंतिम यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा, जिससे अंतिम यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी, विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, अशोक सिंह, शिवशंकर सिंह, रामनाथ, सुशील राजभर, राजकुमार यादव, डा.इस्लाम, मिंटू खान, सेराज, दिनेश यादव, पीएन सिंह, राजेश, विक्की, जितेंद्र, कन्हैया, शिवसुंदर, यादवेंद्र यादव, सुभाष यादव, रेनू शर्मा आदि ने श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *