एक सप्ताह से जलमग्न हृदयपुर–मुरारपट्टी मार्ग, ग्रामीणों व शिवभक्तों का आवागमन बेहाल

Spread the love

लालगंज(बलिया)। विकासखंड मुरलीछपरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत हृदयपुर एवं मुरारपट्टी की सीमा पर स्थित सार्वजनिक मार्ग पिछले एक सप्ताह से बारिश और बजबजाती नाली के पानी के कारण पूरी तरह जलमग्न है। जलभराव से आवागमन बाधित हो गया है, जिससे हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी, सफाईकर्मी तथा दोनों ग्राम पंचायतों के प्रधान समस्या के समाधान को लेकर मौन साधे हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और युवा स्कूल, बाजार तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। लगातार जलभराव के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि शासन के स्वच्छ भारत अभियान की वास्तविक स्थिति इस मार्ग पर साफ दिखाई दे रही है, जहां गंदे पानी और कीचड़ के बीच लोगों को आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

सावन माह में इस मार्ग का महत्व और बढ़ जाता है। इसी रास्ते से श्रद्धालु गांव के प्रसिद्ध शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण उन्हें भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने शासन-प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *