बलिया। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बांसडीह कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरकारी बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे ग्राम हुसैनाबाद में सरकारी बिजली के तार काटने वाले गिरोह की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर बदमाश वाहन से उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में धर्मेंद्र कुमार (31) पुत्र सुरेंद्र पटेल, निवासी बालूपुर, थाना खेजुरी, जनपद बलिया के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में धर्मेंद्र कुमार ने अपने साथियों के साथ 2/3 जुलाई तथा 4/5 जुलाई 2026 की रात ग्राम हुसैनाबाद में सरकारी बिजली के तार चोरी करने की घटना स्वीकार की। उसके कब्जे से एक .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा तार काटने का कटर बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से विश्वकर्मा तुरहा पुत्र शिवजी तुरहा निवासी नीरूपुर, थाना हल्दी, नितेश पटेल पुत्र शिवजी पटेल निवासी रैपुरा, थाना हल्दी, दीपक साहू पुत्र मुन्ना साहू निवासी नीरूपुर, थाना हल्दी तथा एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया। विश्वकर्मा तुरहा के पास से एक अवैध चाकू तथा दीपक साहू के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरोह के कब्जे से एक पिकअप वाहन में चोरी किए गए बिजली के तार भी बरामद किए गए हैं। घायल धर्मेंद्र कुमार का इलाज जिला अस्पताल, बलिया में चल रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

