ट्यूशन से लौट रही नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का आरोप,सिपाही निलंबित

Spread the love

लालगंज (बलिया)। ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही कक्षा नौ की 15 वर्षीय छात्रा से छेड़खानी के आरोप में लालगंज पुलिस चौकी पर तैनात एक सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया। आरोप है कि सिपाही ने मोटरसाइकिल से छात्रा का पीछा किया और सुनसान रास्ते पर उसके साथ छेड़खानी करने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को जुटता देख आरोपी सिपाही मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना शुक्रवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। छात्रा स्थानीय बाजार से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। आरोप के मुताबिक, सेंट्रल बैंक से पूरब सुनसान रास्ते पर सिपाही ने मोटरसाइकिल से छात्रा का पीछा किया और उसके पास बाइक सटाकर उसे छूने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर उसके परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए तथा आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन वह अपनी मोटरसाइकिल मौके पर लॉक कर चाबी लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज पुलिस चौकी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग जुट गए। सूचना पर पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह भी समर्थकों के साथ चौकी पहुंचे। स्थिति को देखते हुए क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार और दोकटी थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह पुलिस चौकी पहुंचे और पीड़िता व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली।

पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि सिपाही पिछले तीन दिनों से उनकी बेटी का पीछा कर मोबाइल नंबर मांग रहा था। पहले दिन छात्रा किसी तरह वहां से निकल गई और लोकलाज के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। दूसरे दिन भी कथित रूप से सिपाही की हरकत के बाद उसने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने उसकी सुरक्षा को लेकर निगरानी शुरू कर दी।

परिजनों के मुताबिक, तीसरे दिन छात्रा ट्यूशन से लौट रही थी, तभी सिपाही ने उसका पीछा किया और सुनसान रास्ते पर उसके साथ छेड़खानी का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर उसके पिता और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से भाग निकला।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने अधिकारियों से मुकदमा दर्ज कर आरोपी सिपाही को निलंबित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर की प्रति नहीं मिलती, वह चौकी से नहीं हटेंगे।

मौके पर भाजपा नेत्री विजय लक्ष्मी सिंह, सपा नेता अंगद मिश्रा और बहुआरा प्रधान प्रतिनिधि अमित सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि छात्रा के साथ हुई घटना गंभीर और शर्मनाक है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *