लालगंज(बलिया)। सावन मास की दूसरी सोमवारी पर सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही शिवालयों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प एवं अक्षत अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह होते ही बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पूजा की थाली लेकर मंदिरों में पहुंचने लगे। कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। स्थानीय शिव मंदिरों में पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा।
क्षेत्र के मुरारपट्टी, जगदीशपुर, गड़ेरिया, सूर्यभानपुर शिवालयों के साथ गांव-गांव स्थित शिव मंदिरों में भी विशेष सजावट की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों द्वारा पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं की गईं। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और शिव स्तुति का आयोजन भी हुआ।
सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मान्यता है कि सावन के सोमवार को भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक करने से भक्तों को भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त होता है। आचार्य मिथिलेश द्विवेदी ने बताया की इस वर्ष दूससोमवारी के साथ प्रदोष तिथि का संयोग भी बन रहा है, जिससे शिवभक्तों में इस दिन को लेकर विशेष धार्मिक उत्साह रहा।
शाम तक शिवालयों में दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। मंदिरों में गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।


