एक पक्ष की एफआईआर,दूसरे की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल

Spread the love

लालगंज(बलिया) । दोकटी थाना क्षेत्र के सावन छपरा गांव में गुरुवार की शाम मोहित यादव और सतीश वर्मा दोनों पक्ष के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर दूसरे पक्ष ने सवाल उठाए हैं। आरोप है कि पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से दी गई लिखित शिकायत पर अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है।

मोहित यादव की ओर से दोकटी थाने में दिए गए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि विपक्षी लोगों ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर लाठी-डंडे, हॉकी, लोहे की रॉड तथा ईंट-पत्थर से हमला किया। आरोप है कि घटना में करीब 80 वर्षीय जगा यादव और शांति देवी गंभीर रूप से घायल हुए। शिकायतकर्ता ने घर में तोड़फोड़ करने तथा घरेलू सामान ले जाने का भी आरोप लगाया है।

दूसरे पक्ष ने पुलिस से घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले में सवाल यह उठ रहा है कि जब एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं, तो एक पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के बाद दूसरे पक्ष की तहरीर पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। शिकायतकर्ता पक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *