बांसडीह (बलिया)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 अगस्त को सहतवार थाना क्षेत्र के पकंहा गांव में संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को डीएम मंगला प्रसाद सिंह, एसपी ओमवीर सिंह, विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सहतवार-चांदपुर मार्ग पर पकंहा गांव के गलाफरपुर मौजा स्थित कार्यक्रम स्थल पर टेंट लगाने, भूमि समतलीकरण और हेलीपैड निर्माण का काम शुरू हो गया है। सुबह से ही जेसीबी के जरिए भूमि को समतल कराया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हेलीपैड निर्माण का कार्य शुरू कराया। इसे 28 अगस्त तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर टेंट समेत अन्य सामान ट्रकों से पहुंचना शुरू हो गया है। टेंट लगाने वाले कर्मचारियों ने भी काम शुरू कर दिया है। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में संबंधित विभाग जुट गए हैं। राजस्व और विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
डीएम और एसपी ने विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह से संभावित भीड़ के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम और एसपी ने एडीएम तथा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक केतकी सिंह ने भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों की जानकारी ली। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को कई नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिल सकती है। साथ ही वह बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर राहत सामग्री का वितरण भी कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को दिनभर कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों और कर्मचारियों का जमावड़ा लगा रहा और तैयारियों को समय से पूरा करने के लिए विभागीय स्तर पर काम चलता रहा।


