बलिया। मनियर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार को लेकर चल रहे विवाद के बीच स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासनिक कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवध नारायण राय ने मनियर पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह रावत को पद से हटाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनवानी भेज दिया है।
डॉ. रावत के खिलाफ कर्मचारियों की शिकायतों को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, जनपद शाखा बलिया ने भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। परिषद के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय और मंत्री विनोद कुमार मिश्र की ओर से 24 अगस्त को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया था कि मनियर पीएचसी में तैनात महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ प्रभारी चिकित्साधिकारी द्वारा कथित तौर पर अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार किया जा रहा है।
परिषद के अनुसार, मामले की जांच के दौरान संबंधित कर्मचारियों की शिकायतें सुनी जा चुकी हैं, लेकिन ठोस अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी थी। संगठन ने चेतावनी दी थी कि यदि मामले का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी संगठनात्मक आंदोलन के लिए बाध्य हो सकता है।
विवाद के बीच स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. शैलेंद्र रावत का मनियर पीएचसी से स्थानांतरण करते हुए उन्हें सीएचसी सोनवानी भेजने का आदेश जारी किया है। विभाग के इस कदम को मनियर पीएचसी में कर्मचारियों और प्रभारी चिकित्साधिकारी के बीच चल रहे विवाद को शांत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इधर, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है। परिषद का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर कार्य वातावरण के साथ मरीजों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलना भी जरूरी है।


