रसड़ा (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर गांव में गुरुवार की शाम बिजली बोर्ड में पंखे का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आकर जयप्रकाश शर्मा की पत्नी पुष्पा शर्मा (60) की मौत हो गई। बताया जाता है कि घटना के वक्त परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। पुष्पा घर पर अकेली थीं। गर्मी के कारण वह पंखा चलाने के लिए उसका प्लग बिजली बोर्ड में लगा रहीं थीं तभी किसी प्रकार वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं।परिजन शाम को घर पहुंचे तो पुष्पा करंट की चपेट में आकर झुलसी हालत पड़ी थीं। इस दौरान परिवार के लोग उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा लेकर पहुंचे, जहां पर अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होते ही गांव-घर में मातम पसर गया और परिजन रोने-बिलखने लगे।इसकी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचीं पुलिस ने लाश को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करंट की चपेट में आकर महिला की मौत


