बांसडीह( बलिया)। कस्बे के बड़ी बाजार में शनिवार को श्रम विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बाल श्रम के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पांच दुकानों पर सात बच्चे काम करते हुए मिले। विभाग ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दुकानदारों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहाराम के नेतृत्व में सीडब्ल्यूसी, एएचटी, पुलिस और नव भारतीय नारी विकास समिति की संयुक्त टीम ने बांसडीह बाजार में छापेमारी की। टीम ने मिठाई की तीन दुकानों, एक कपड़े की दुकान और एक ऑटोमोबाइल की दुकान की जांच की। इस दौरान सात बच्चे काम करते हुए पाए गए।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। दुकानदारों की ओर से जवाब दाखिल किए जाने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों के पक्ष में उतरे चेयरमैन
चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिलने पर चेयरमैन सुनील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों का पक्ष रखते हुए अधिकारियों से कहा कि यदि कोई बच्चा घर की मजबूरी के कारण काम कर रहा है, तो इसमें गलत क्या है। इस पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने कहा कि वह भी जमीनी हकीकत से परिचित हैं, लेकिन नियम-कानून का पालन कराना जरूरी है।
इस मुद्दे पर चेयरमैन और अधिकारियों के बीच देर तक बातचीत होती रही। इसके बाद संयुक्त टीम जांच अभियान पूरा कर वापस लौट गई।


