दयाछपरा(बलिया)। बैरिया थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुर के प्रसाद छपरा गांव में रविवार दोपहर गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद आग लगने से खाना बना रही मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे में राजकुमारी देवी (40) पत्नी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता और उनकी पुत्री निधि (22) झुलस गईं। परिजनों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे राजकुमारी देवी और उनकी पुत्री निधि घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने के बाद पाइप में आग लग गई। मां-बेटी कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही पास में रखा फ्रिज तेज आवाज के साथ फट गया। आग की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह मां-बेटी को घर से बाहर निकाला। इसके बाद डंडे की मदद से जलते हुए सिलेंडर को घर से बाहर खींचकर आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर डॉयल 112 नंबर टीम और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग बुझा दी थी।
हादसे में घर का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। संयोग अच्छा रहा कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मां-बेटी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।


