राशन वितरण में अनियमितता पर गिरी गाज, कोटेदार गीता देवी की दुकान निलंबित

Spread the love

जांच में सामने आईं कई खामियां, ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद राशन नहीं देने का भी आरोप; कार्डधारकों को दूसरी दुकान से जोड़ा जाएगा

बांसडीह (बलिया)। राशन वितरण में अनियमितता और कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं देने की शिकायत जांच में सही पाए जाने के बाद सहतवार नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 की उचित दर विक्रेता गीता देवी की सरकारी राशन की दुकान निलंबित कर दी गई है। डीएम के अनुमोदन के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने निलंबन का आदेश जारी किया है। साथ ही संबंधित दुकान से जुड़े कार्डधारकों को दूसरी उचित दर दुकान से संबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं।

सहतवार नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 के सभासद रंजीत कुमार वर्मा और वार्ड नंबर-11 की सभासद कविता वर्मा ने चार जून 2026 को राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कोटेदार गीता देवी कई महीनों से कार्डधारकों को नियमित रूप से राशन नहीं दे रही हैं। ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी यह कहकर खाद्यान्न देने से मना किया जाता है कि अभी राशन नहीं आया है। शिकायतकर्ताओं ने दुकान पर मनमानी और राशन की कालाबाजारी का आरोप भी लगाया था।

शिकायत के आधार पर खाद्य अधिकारी बांसडीह ने 12 जून 2026 को संबंधित दुकान का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि वितरण दिवस पर दुकान बिना किसी सूचना के बंद थी।

इसके अलावा दुकान पर आवश्यक सूचनाओं से संबंधित साइन बोर्ड, रेट एवं स्टॉक बोर्ड, सतर्कता समिति के सदस्यों के नाम, अंत्योदय राशनकार्डों की सूची और टोल-फ्री नंबर भी प्रदर्शित नहीं किए गए थे। जांच के दौरान स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया गया। साथ ही जांच में सहयोग नहीं करने की बात भी सामने आई।

जांच में कार्डधारकों को नियमित रूप से खाद्यान्न नहीं दिए जाने तथा ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देने संबंधी शिकायतें भी दर्ज की गईं। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति विभाग ने दुकान के निलंबन की कार्रवाई की है।

निलंबन के बाद संबंधित कार्डधारकों को राशन प्राप्त करने में परेशानी न हो, इसके लिए उन्हें दूसरी उचित दर दुकान से संबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *