बांसडीह(बलिया) । क्षेत्र के छोटकी सेरिया गांव में मायके में रह रही पत्नी पर पति ने पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि, निशाना चूकने से पत्नी की जान बच गई। परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए पति को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस पत्नी की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। फेफना थाना क्षेत्र के अगरसंडा गांव निवासी धर्मात्मानंद सिंह का पत्नी रूबी देवी से विवाद चल रहा है। रूबी देवी अपने बच्चों की बेहतर देखभाल और पढ़ाई के लिए अपने मायका छोटकी सेरिया गांव में रह रही हैं। धर्मात्मानंद सिंह दोनों के बीच चल रहे पुराने मुकदमे में समझौते के लिए पत्नी पर लगातार दबाव डाल रहा था।
गुरूवार की सायं धर्मात्मानंद अचानक ससुराल छोटकी सेरिया पहुंचा और अपशब्द कहते हुए रूबी पर जान से मारने के इरादे से अपनी पिस्टल से पत्नी पर गोली चला दिया। हमला में रूबी बाल बाल बच गई। रूबी ने तुंरत पुलिस को सूचना दिया। इस दौरान रूबी और उसके पिता शिवजी सिंह ने साहस का परिचय दिया और धर्मात्मानंद को पकड़कर हाथ से पिस्टल और कारतूस छीन लिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हथियार सहित कोतवाली लाया । पुलिस पति के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

