घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध पर बहनों पर जानलेवा हमला; दो भाइयों पर मुकदमा

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर युवती से अश्लील हरकत, दुष्कर्म का प्रयास करने तथा विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार की शाम वह घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही एक युवक मौका पाकर उसके घर में घुस आया। आरोप है कि युवक ने जबरदस्ती करते हुए उसे जमीन पर पटक दिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान उसने युवती के कपड़े फाड़ दिए और अश्लील हरकत करने लगा।
युवती के शोर मचाने पर छत पर मौजूद उसकी छोटी बहन नीचे पहुंच गई, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। पीड़िता का कहना है कि छोटी बहन के समय पर पहुंचने से उसकी आबरू बच सकी।
आरोप है कि घटना के कुछ देर बाद आरोपी अपने छोटे भाई के साथ धारदार नुकीले लोहे के हथियार से लैस होकर पीड़िता के दूसरे मकान (डेरा) पर पहुंचा। वहां दोनों ने युवती और उसकी छोटी बहन के सिर पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पीड़िता ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी पहले से ही उसके साथ छींटाकशी करता था। घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *