बलिया में अधिवक्ता पर चाकू से हमला, पीठ में वार कर आरोपी फरार:दो संदिग्ध हिरासत में

Spread the love

बलिया: जनपद बलिया में बुधवार सुबह कचहरी से घर लौट रहे अधिवक्ता रितेश तिवारी पर अज्ञात बाइक सवार द्वारा चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रितेश तिवारी (45), पुत्र स्वर्गीय गोपाल तिवारी, निवासी जीरा बस्ती, थाना सुखपुरा, बुधवार (22 जुलाई 2026) सुबह करीब 9 बजे कचहरी से अपने गांव जीरा बस्ती, हनुमानगंज लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी पीठ में चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अधिवक्ता को तत्काल जिला अस्पताल, बलिया पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पूर्व से जमीन संबंधी विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

घायल अधिवक्ता रितेश तिवारी का आरोप है कि यह घटना पुलिस के ढुलमुल रवैये का परिणाम है। उनका कहना है कि यदि पूर्व के विवाद में समय रहते आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और गिरफ्तारी की गई होती, तो आज यह हमला नहीं होता। हालांकि, इस आरोप पर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *