रेवती (बलिया):स्थानीय थाना क्षेत्र के गायघाट-अघैला लिंक मार्ग स्थित पचरुखा ग्रामसभा के एक ईंट-भट्ठे के पास बने गहरे तालाब में सोमवार सुबह एक किसान के डूब जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम ने पूरे दिन मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से तालाब में सर्च अभियान चलाया, लेकिन शाम पांच बजे तक शव बरामद नहीं हो सका।
जानकारी के अनुसार सहतवार थाना क्षेत्र के मुडाडीह निवासी 60 वर्षीय किसान कामेश्वर राजभर सोमवार सुबह खेत देखने गए थे। बताया जा रहा है कि खेत से धान के पौधे बारिश के पानी के साथ तालाब में बह रहे थे। उन्हें रोकने के लिए वह मेड़ बना रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया। पहले वह छोटे तालाब में गिरे और फिर बहते हुए पास स्थित गहरे बड़े तालाब में चले गए।
घटना के समय मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही रेवती थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू कराई, लेकिन तालाब की अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने भी प्रयास किया, परंतु कामयाबी नहीं मिली। बाद में एनडीआरएफ की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतक की पत्नी छोटकी देवी तथा पुत्र धनु, सूरज, अनुप और अंकित का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक किसान का शव बरामद नहीं हो सका था और तलाश अभियान जारी था।

