तिरंगे मे लिपटा बीएसएफ के जवान का शव देख मचा कोहराम

Spread the love

राजकीय सम्मान के साथ हुई अंतिम विदाई, पुत्र रितिक ने दी मुखाग्नि

दयाछपरा(बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोपालपुर के उदई छपरा निवासी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान मुनेन्द्र कुमार यादव (55) का पार्थिव शरीर गुरुवार को पैतृक आवास उदई छपरा पहुंचते ही परिवार सहित पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। जवान का शव तिरंगे में लिपटा देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े।

तिरंगे में लिपटे जवान की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान ‘मुनेन्द्र यादव अमर रहें’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। अंतिम यात्रा पचरुखिया गंगा घाट पहुंची, जहां बीएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों तथा बैरिया कोतवाल राजेंद्र कुमार सिंह अपने हमराहीयों की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर के साथ 21 राउंड की सलामी देकर शहीद जवान को सम्मानित किया गया।

अंतिम यात्रा में क्षेत्रीय विधायक जयप्रकाश अंचल ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश मुन्ना, वर्तमान अध्यक्ष दशरथ यादव, प्रधान प्रधान उपेन्द्र यादव पूर्व प्रधान मनोज यादव सचिन सिंह अंटु सिंह अमीत पाल संजय यादव सहित सैकड़ों की संख्या में लोग सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर जवान को श्रद्धांजलि दी। परिवार के सैनिक भाई मुन्ना सहित सभी भाइयों ने भी अपने भाई को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जवान के पुत्र रितिक यादव ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। इस दौरान सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य उस समय सामने आया, जब बीएसएफ अधिकारी ने मुनेन्द्र यादव के पार्थिव शरीर से तिरंगा उतारकर उनके पुत्र रितिक को सौंपा। तिरंगा हाथ में लेते ही रितिक भावुक हो उठे। पिता की अंतिम विदाई का यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद बीएसएफ जवानों, परिजनों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *