पानी भरे गड्ढे में मिला सिपाही का शव,बाइक भी बरामद

Spread the love

बलिया। बांसडीह कोतवाली में तैनात 2025 बैच के सिपाही परितोष मिश्रा का सोमवार को बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गड्ढे में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव और बाइक को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। एसपी ओमवीर सिंह समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रयागराज जनपद के होलागढ़ थाना क्षेत्र निवासी सिपाही परितोष मिश्रा बांसडीह कोतवाली में तैनात थे। बताया जा रहा है कि रविवार शाम वह अपने साथी सिपाही शिवगोपाल पाल को बाइक से बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात दो-तीन साथी पुलिसकर्मियों के साथ छाता गांव के पास भोजन किया।

भोजन के बाद परितोष मिश्रा ने साथियों से मोबाइल ड्यूटी की बात कही और बाइक से वहां से निकल गए। हालांकि, वह ड्यूटी स्थल पर नहीं पहुंचे। देर रात तक उनके नहीं पहुंचने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।

रातभर खोजबीन के बाद सोमवार सुबह पुलिसकर्मियों को छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में परितोष मिश्रा का शव और उनकी बाइक मिली। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी और सिपाही बाइक समेत पानी में डूब गए। हालांकि, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ओमवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि सिपाही के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके साथ भोजन करने वाले पुलिसकर्मियों से भी बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ल, सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र, कोतवाल राकेश सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *