एक दर्जन गांवों के श्रद्धालुओं ने संभाली जिम्मेदारी, बुधवार को जियर स्वामी से मिलने जाएगा प्रतिनिधिमंडल
लालगंज(बलिया) । बहुआरा गांव में श्री श्री 1008 त्रिदंडी स्वामी जी के कृपापात्र श्री लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी जी के तत्वावधान में तीन से आठ दिसंबर तक होने वाले श्रीमद्भागवत पुराण कथा ज्ञान यज्ञ की तैयारियों को लेकर रविवार को मुरारपट्टी मठिया पर अंतिम तैयारी बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों के श्रद्धालु प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने की रणनीति तैयार की।
बैठक में विभिन्न गांवों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपने-अपने गांव में गठित चंदा संग्रह समिति और यज्ञ व्यवस्था में सहयोग करने वाले युवाओं की समितियों की सूची सौंपी। सर्वसम्मति से तय किया गया कि प्रत्येक गांव की समिति अपने स्तर से सहयोग राशि एकत्र कर यज्ञ आयोजन में योगदान करेगी।
बैठक में कथा पंडाल, प्रवचन मंच, ध्वनि एवं माइक व्यवस्था, प्रसाद वितरण, जनरेटर व प्रकाश व्यवस्था, श्री जियर स्वामी जी के ठहरने के लिए झोपड़ी, परिवहन स्टैंड तथा यज्ञ के समापन पर होने वाले बृहद भंडारे की तैयारियों पर बिंदुवार चर्चा की गई। सभी व्यवस्थाओं के लिए आपसी समन्वय से जिम्मेदारियां तय करने पर सहमति बनी।
बुधवार को भभुआ जाएगा प्रतिनिधिमंडल
यज्ञ की तैयारियों में जुटे सभी गांवों के श्रद्धालु प्रतिनिधियों का दल बुधवार को भभुआ जाकर श्री लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी जी से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल उन्हें यज्ञ की तैयारियों और अब तक की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराएगा। स्वामी जी से मुलाकात के बाद दो-चार दिनों में क्षेत्र के सभी संबंधित गांवों के प्रतिनिधियों को शामिल कर बृहद यज्ञ समिति का गठन किया जाएगा।
मुख्य समिति में बहुआरा, मुरारपट्टी, लालगंज, गोपालपुर, सूर्यभानपुर, सेमरिया, लूटईपुर समेत अन्य गांवों से प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। समिति यज्ञ की सभी व्यवस्थाओं का समन्वय करते हुए आयोजन को सफल बनाने में प्रमुख भूमिका निभाएगी।
बैठक में राम तिवारी, कामता प्रसाद सिंह, राजनारायण सिंह, दयाशंकर पांडेय, गोपाल सिंह, उदय सिंह, रामजी पांडेय, ज्ञानशंकर तिवारी, सुनील तिवारी, दयाशंकर पाठक, गुप्तेश्वर तिवारी, सिद्धेश्वर पाठक, उपेंद्र पाठक, मनोज गुप्ता, सुमेर तिवारी, देवेंद्र सिंह सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।


