लालगंज (बलिया)। थाना दोकटी क्षेत्र की लालगंज पुलिस चौकी पर तैनात प्रोबेशनर आरक्षी पंकज गुप्ता को छात्रा से छेड़खानी के गंभीर आरोप में पुलिस अधीक्षक बलिया ने उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी सिपाही के विरुद्ध घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को थाना दोकटी पर सूचना प्राप्त हुई थी कि लालगंज चौकी पर नियुक्त आरक्षी पंकज गुप्ता (पीएनओ-252095410) ने कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर लौट रही एक बालिका के साथ छेड़खानी की। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया तथा विभागीय स्तर पर भी जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस विभाग के अनुसार आरोपी आरक्षी अभी परिवीक्षा (प्रोबेशन) अवधि में सेवा दे रहा था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने उपलब्ध तथ्यों एवं परिस्थितियों की समीक्षा की। विभाग ने आरोपी के कृत्य को घोर कदाचार, अनुशासनहीनता एवं नैतिक अधमता मानते हुए विभागीय अनुशासन के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने 12 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से उक्त परिवीक्षाधीन आरक्षी को पदच्युत (Dismiss) कर दिया। पुलिस विभाग ने कहा कि पुलिस बल एक अनुशासित संगठन है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। ऐसे कृत्य से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होती है, जिसे किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
छात्रा से छेड़खानी के आरोप में प्रोबेशनर सिपाही बर्खास्त एसपी ने की कार्रवाई, दोकटी थाने में दर्ज है मुकदमा


