बलिया । बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के सहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत में टूटा हुआ बिजली का तार पड़ा था, जिसकी चपेट में पहले पुत्र आ गया। उसे बचाने के प्रयास में पिता भी करंट की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सहपुरवा गांव निवासी 58 वर्षीय जनार्दन यादव अपने इकलौते पुत्र 24 वर्षीय राजेश यादव के साथ खेत पर गए थे। खेत में पहले से 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटा हुआ पड़ा था। इसी दौरान राजेश यादव अनजाने में तार की चपेट में आ गए। पुत्र को तड़पता देख पिता जनार्दन यादव ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक राजेश यादव ने हाल ही में पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उनकी असमय मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर बुलाया। सूचना पर तहसीलदार बांसडीह नितिन सिंह और बांसडीह रोड थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली।
विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का प्रतीत होता है। उन्होंने उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


