सपा कार्यालय पहुंची रागिनी को केजीएमयू में बेहतर इलाज कराने का आश्वासन, कार्यकर्ताओं ने भी दी 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद
बांसडीह (बलिया)। दोनों पैरों की दिव्यांगता के बावजूद कूद-कूदकर स्कूल आने-जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सुर्खियों में आई मनियर क्षेत्र के दिघेड़ा गांव निवासी रागिनी शनिवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिली। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू रागिनी और उसके माता-पिता देवेंद्र राजभर व बबिता राजभर को लेकर सपा कार्यालय पहुंचे।
अखिलेश यादव ने रागिनी को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने रागिनी के बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित केजीएमयू अस्पताल में उपचार की व्यवस्था कराने तथा उसकी शिक्षा का पूरा इंतजाम समाजवादी पार्टी की ओर से कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान केजीएमयू से आए चिकित्सक ने रागिनी का परीक्षण भी किया।
सपा कार्यालय में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी रागिनी की मदद के लिए अपनी ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
हादसे में खराब हुए थे दोनों पैर
परिजनों के अनुसार, छोटी उम्र में हुए एक हादसे के बाद रागिनी के दोनों पैर खराब हो गए थे। दिव्यांगता के बावजूद पढ़ाई के प्रति उसका जज्बा कम नहीं हुआ। स्कूल आने-जाने में परेशानी के बीच वह कूद-कूदकर विद्यालय पहुंचती थी। इसी दौरान उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद रागिनी चर्चा में आ गई।
वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह समेत कई समाजसेवी और स्वयंसेवी संगठनों के लोग रागिनी के घर पहुंचे और उसकी मदद की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को विधायक केतकी सिंह के साथ रागिनी से मुलाकात की थी।
पहले ही स्कूल में कराया जा चुका है दाखिला
शनिवार को अखिलेश यादव का संदेश मिलने के बाद सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू रागिनी और उसके माता-पिता को सड़क मार्ग से लखनऊ लेकर पहुंचे। मुलाकात के बाद नीरज सिंह गुड्डू ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने रागिनी के बेहतर इलाज के साथ उसकी शिक्षा की पूरी व्यवस्था कराने का भरोसा दिया है।
उन्होंने बताया कि उनकी ओर से पहले ही रागिनी का दाखिला नारायनपुर गांव स्थित बीएन इंटरनेशनल स्कूल में कराया जा चुका है। स्कूल प्रबंधन की ओर से रागिनी को कॉपी-किताब और ड्रेस के साथ आवागमन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस दौरान रामदेव यादव, राजेश यादव, देवेंद्र राजभर, बबिता राजभर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


