बलिया । जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के समापन दिवस के अवसर पर श्रीअन्न (मोटे अनाज) से बने विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल के संरक्षण में एवं डॉ. पुष्पा मिश्रा, निदेशक शैक्षणिक के सहयोग से गृह विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को श्रीअन्न के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक आहार में सम्मिलित करने हेतु प्रेरित करना रहा।

विद्यार्थियों ने बाजरा, ज्वार, रागी, कोदो, कुटकी एवं अन्य श्रीअन्न से तैयार किए गए व्यंजनों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में लड्डू, चीला, नमकीन, इडली, खीर, बर्फी, ढोकला, मिलेट्स स्प्राउट एवं अन्य स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों को शामिल किया गया।विद्यार्थियों ने प्रत्येक व्यंजन में प्रयुक्त श्रीअन्न की पोषणात्मक विशेषताओं तथा स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी। बताया कि श्रीअन्न सामान्यतः फाइबर, प्रोटीन, विटामिन एवं खनिज तत्वों के अच्छे स्रोत हैं। इनमें पाए जाने वाले पोषक तत्व पाचन, ऊर्जा एवं समग्र स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हैं। श्रीअन्न अपनाएँ, पोषण बढ़ाएँ और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएँ, के संदेश के साथ यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।इस कार्यक्रम में गृह विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों के साथ प्राध्यापिकाओं डॉ सौम्या तिवारी, डॉ संध्या, डॉ तृप्ति तिवारी एवं डॉ. रंजना मल्ल की सक्रिय सहभागिता रही।


