बच्चों ने शिक्षक डॉ.आशुतोष शुक्ला को दिया ‘बेस्ट टीचर अवार्ड’,सम्मान पाकर हुए भावुक

Spread the love

कम्पोजिट विद्यालय पुरास में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन,विद्यार्थियों ने गुरुजनों का किया सम्मान

बलिया। शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान तब होता है, जब उसे उसके अपने विद्यार्थी सम्मानित करें। शिक्षा क्षेत्र बेलहरी के कम्पोजिट विद्यालय पुरास में शिक्षक दिवस समारोह के दौरान ऐसा ही भावुक और यादगार पल देखने को मिला। विद्यालय के सहायक अध्यापक डॉ. आशुतोष शुक्ला को विद्यार्थियों ने ‘बेस्ट टीचर अवार्ड’ देकर सम्मानित किया।
शनिवार को आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में बच्चों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आदर-सत्कार किया। इसी क्रम में विद्यार्थियों द्वारा डॉ. आशुतोष शुक्ला को ‘बेस्ट टीचर अवार्ड’ प्रदान किया गया। बच्चों के हाथों मिले इस सम्मान से डॉ. शुक्ला भावुक हो गए।
सम्मान मिलने के बाद डॉ. आशुतोष शुक्ला ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के प्रेम, विश्वास और उम्मीद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “बच्चों का प्यार ही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
उन्होंने विद्यार्थियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके प्यारे बच्चों ने जिस स्नेह और अपनापन के साथ उन्हें बेस्ट टीचर अवार्ड दिया, वह उनके लिए बेहद भावुक करने वाला क्षण है। एक शिक्षक के लिए इससे बड़ा पुरस्कार और क्या हो सकता है कि उसके विद्यार्थी उसे अपना आदर्श और प्रेरणास्रोत मानें।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों से मिला यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण, ईमानदारी और लगन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देगा।
डॉ. आशुतोष शुक्ला को ‘बेस्ट टीचर अवार्ड’ मिलने पर सुधीर ओझा,भोला प्रसाद,धनंजय पाण्डेय,गिरीश तिवारी,प्रदीप शुक्ला और आरके मिश्र समेत अन्य लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *