मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक पर मां ने दर्ज कराया मुकदमा, 35 लाख रुपये मांगने और धमकी देने का आरोप

Spread the love

बांसडीह (बलिया)। कस्बे में अपनी मांगों को लेकर दो बार मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक के खिलाफ अब उसकी मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मां ने बेटे पर 35 लाख रुपये मांगने, फसल बर्बाद करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फत्ते सागर पोखरा मुहल्ला निवासी कुलवंती देवी ने मंगलवार देर शाम अपने पति राजगृही वर्मा के साथ कोतवाली पहुंचकर अपने बड़े बेटे धनजी वर्मा के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के मुताबिक परिवार की आजीविका का मुख्य साधन 18 कट्ठा कृषि भूमि है। इसी जमीन पर खेती कर परिवार गुजर-बसर करता है, जबकि उनके पति बाजार में सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

कुलवंती देवी का आरोप है कि धनजी पिछले करीब चार वर्षों से परिवार के साथ विवाद करता आ रहा है। वह खेत में बोई गई फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही परिजनों के साथ मारपीट भी करता है। आरोप है कि हाल में धनजी ने 18 कट्ठा जमीन बेचकर उसे 35 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। मना करने पर उसने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

पहले भी टावर पर चढ़ चुका है युवक

बताया जाता है कि धनजी वर्मा पिछले करीब दो वर्षों से अपने माता-पिता, भाई और पत्नी के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। अपनी मांगों को लेकर वह जुलाई और अगस्त में दो बार मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा कर चुका है। इस दौरान उसने अपने परिजनों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए थे।

वहीं, धनजी वर्मा की ओर से पहले दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि उसने कई वर्षों तक मेहनत कर जो पैसे कमाए, उन्हें उसके घरवालों ने हड़प लिया। उसका आरोप है कि अब परिवार के लोग उसे बेसहारा छोड़कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *