सीएचसी सुखपुरा के संचालन का रास्ता साफ जल्द मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

Spread the love

विधायक केतकी सिंह के प्रयास पर सीएम योगी व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिए निर्देश 

बांसडीह(बलिया)। विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से संचालन की प्रतीक्षा कर रहे नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुखपुरा के अब जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह के प्रयास से अस्पताल के संचालन की प्रक्रिया तेज हो गई है।

मंगलवार से अस्पताल में पहुंच रही हैं जरूरी सामग्री

विधायक केतकी सिंह ने सुखपुरा सीएचसी को जनहित में जल्द संचालित कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से मिलकर अनुरोध किया था। विधायक के अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल का संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

विधायक केतकी सिंह ने बताया कि शासन स्तर से मिले निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी को संचालित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार से अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक सामग्री भी सुखपुरा सीएचसी पहुंचनी शुरू हो गई है। एक बड़े ट्रक से सामान आया हैं चूंकि अस्पताल तक ट्रक नही जा सकता है इसलिए उतारकर पिकअप से पंहुचाया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत हुई हैं 15 दिनों के अंदर डाक्टर व अन्य जरूरी स्टाफ की पोस्टिंग कर अस्पताल का संचालन शुरू हो जायेगा। इससे क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह है।

विधायक ने कहा कि सुखपुरा सीएचसी के शुरू होने से बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के सुखपुरा समेत आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों को प्राथमिक एवं सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत होगी।

क्षेत्र के लोगों हरेंद्र सिंह, उमेश सिंह, प्रमोद सिंह, बालाजी गुप्ता, राना कुनाल सिंह, पंकज सिंह, जितेन्द्र आदि ने सीएचसी के संचालन की दिशा में हुई सकारात्मक पहल पर विधायक केतकी सिंह का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि अस्पताल शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *