बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के छोटकी सेरिया गांव में रविवार की शाम दहेज की मांग और पारिवारिक विवाद को लेकर बहन के ससुराल पहुंचे 30 वर्षीय युवक पर ससुराल पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने घायल की बहन की तहरीर पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी देवर को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में छोटकी सेरिया गांव निवासी नसीमा खातून ने आरोप लगाया कि उसके ससुर मुस्लिम, सास फातमा खातून और देवर मेराज लगातार दहेज में 30 हजार रुपये और बाइक की मांग को लेकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। इसको लेकर पूर्व में कई बार सामाजिक स्तर पर समझौता भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ।
नसीमा के मुताबिक, रविवार को ससुराल पक्ष के लोग उसके कमरे में जबरन घुस आए और सामान बाहर सड़क पर फेंकने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर उसका भाई मोहम्मद रईस (30) निवासी मधुबनी, थाना बैरिया, बहन के ससुराल पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा।
आरोप है कि रईस के पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान देवर मेराज ने चाकू से रईस के पेट पर कई वार कर दिए। चाकू के हमले में रईस गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। सूचना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी मेराज को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।


