बांसडीह(बलिया)। पंचायत की तीन प्रमुख समस्याओं को लेकर सोमवार को नामित सभासदों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्रा को पत्रक सौंपा। इसमें सात माह से नगर पंचायत बोर्ड की बैठक नहीं होने, बड़ी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल के सुंदरीकरण और नगर पंचायत क्षेत्र के सभी सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई कराने की मांग की गई।
नामित सभासद दुर्गेश कुमार मिश्रा और तेजबहादुर रावत ने कहा कि पिछले सात माह से नगर पंचायत बोर्ड की बैठक नहीं बुलाई गई है। इससे नगर पंचायत की कई प्रमुख समस्याओं पर चर्चा नहीं हो पा रही है। साथ ही विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव भी लंबित हैं। उन्होंने तत्काल बोर्ड की बैठक बुलाने की मांग की।
भाजपा नेता प्रतुल ओझा ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन बोर्ड की बैठक बुलाने से बच रहा है। उन्होंने कहा कि शासन से प्राप्त कई योजनाओं पर बोर्ड की बैठक में चर्चा कर आगे की कार्रवाई किया जाना जरूरी है।
नामित सभासदों और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर नगर पंचायत प्रशासन ने बोर्ड बैठक की तिथि घोषित नहीं की तो सात सितंबर से क्रमबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान मूनजी गोंड, शिवम गुप्ता, राज तिवारी,अखिलेश सिंह, बृजेश गुप्ता, जसवंत राजभर आदि मौजूद रहे।


