दुबहड़(बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के घोड़हरा गांव में उसे समय हड़कंप मच गया जब करीब 60 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर के अंदर पंखे के रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार घोड़हरा गांव निवासी वीरेंद्र खरवार पुत्र स्वर्गीय जगन्नाथ खरवार उम्र करीब 60 वर्ष अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी और दो बेटे दिल्ली में रहते हैं। जबकि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है ।परिवार के अन्य सदस्य गांव में नियमित रूप से उनके साथ नहीं रहते थे ।बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह काफी देर तक वीरेंद्र खरवार घर से बाहर नहीं निकले। इस पर उनके छोटे भाई मुन्ना प्रसाद को कुछ आशंका हुई। उन्होंने घर पहुंच कर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर बन्द था।अन्य लोगों के साथ छत के ओर से रोशनदान के रास्ते अंदर झांक कर देखा तो वीरेंद्र खरवार पंखे से रस्सी के सहारे लटके हुए दिखाई दिए ।घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दे दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर उप निरीक्षक राजकुमार एवं उपनिरीक्षक संजय कुमार अपने पूरी टीम के साथ पहुंचे और घटना के जांच की ।पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार मृतक के बारे में बताया जाता है कि वह अक्सर नशे की हालत में रहते थे। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि संभवत नशे की हालत में उन्होंने यह कदम उठाया हो ।हालांकि आत्महत्या की वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी ।पुलिस मामले की जांच कर रही है। और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
पंखे से लटक कर 60 वर्षीय व्यक्ति ने दी जान,जांच में जुटी पुलिस


