विजय बारी के घर का निर्माण शुरू, निधन के बाद परिवार की मदद के लिए आगे आए समाजसेवी
लालगंज(बलिया) । मुरलीछपरा विकासखंड के हृदयपुर गांव में करीब 13 वर्षों से प्लास्टिक का तिरपाल तानकर जीवन गुजार रहे गरीब परिवार को अब छत मिलने की उम्मीद जगी है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले विजय बारी का परिवार सर्दी, धूप और बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर था। आर्थिक तंगी के कारण परिवार अपना मकान तक नहीं बनवा सका। इसी बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। विजय बारी के निधन के बाद समाजसेवी सूर्यभान सिंह ने आगे बढ़कर परिवार की मदद की और उसके लिए आवास निर्माण कराने का बीड़ा उठाया।
परिजनों के अनुसार, बीते दिनों 14 और 15 अक्टूबर की रात विजय बारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया। ऐसे समय में सूर्यभान सिंह ने अंतिम संस्कार का पूरा इंतजाम कराया। साथ ही परिवार को एक सप्ताह के भीतर छत मुहैया कराने का भरोसा दिया।
अपने वादे के मुताबिक शनिवार को सूर्यभान सिंह ने ईंट, सीमेंट और बालू की व्यवस्था कराकर मिस्त्री व मजदूरों की मदद से आवास निर्माण कार्य शुरू करा दिया। लंबे समय से अभाव में जीवन गुजार रहे परिवार के लिए यह पहल बड़ी राहत लेकर आई है।
ग्रामीणों के अनुसार, विजय बारी का परिवार सरकारी आवास, पेंशन, शौचालय, उज्ज्वला गैस और आयुष्मान कार्ड जैसी विभिन्न योजनाओं के लाभ से भी वंचित रहा। ग्रामीणों का कहना है कि पात्र होने के बावजूद परिवार को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका। अब समाजसेवी की पहल से परिवार को सिर छिपाने के लिए स्थायी आश्रय मिलने की उम्मीद जगी है।
सूर्यभान सिंह क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों की सहायता, बीमार लोगों के इलाज और गांवों में रास्तों से जुड़ी समस्याओं में सहयोग के लिए भी जाने जाते हैं। ग्रामीणों ने उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जरूरत के समय परिवार की मदद करना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का उदाहरण है।


