सरयू नदी का कहर: महाराजपुर बस्ती से महज 25 मीटर दूर पहुंची नदी, ग्रामीणों में दहशत

Spread the love

बांसडीह(बलिया)। सरयू नदी में रविवार की रात महाराजपुर गांव के सामने तेज कटान होने से अफरा-तफरी मच गई। कटान तेजी से रिहायशी बस्ती की ओर बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और बाढ़ विभाग की टीम देर रात मौके पर पहुंची और कटान रोकने के लिए बचाव कार्य शुरू कराया। नदी अब महाराजपुर बस्ती से महज 25 मीटर दूर रह गई है। बस्ती पर मंडराते खतरे को देखते हुए ग्रामीण अपने घरों का सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं।

ग्रामीणों की सूचना पर देर रात विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, एसडीएम पुष्कर मिश्रा, तहसीलदार नितिन कुमार सिंह और सीओ जयशंकर मिश्र मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और सहायक अभियंता (एई) को भी मौके पर बुलाया। कटान की भयावह स्थिति को देखते हुए रात में ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

तीन बीघा खेत और बिजली के खंभे नदी में समाए

तेज कटान के चलते बिजली विभाग के दो खंभे और एक ट्रांसफार्मर नदी में समा गए हैं। वहीं, करीब तीन बीघा कृषि भूमि भी सरयू नदी की धारा में विलीन हो गई है। नदी का कटान आबादी की ओर बढ़ने से ग्रामीणों को अपने घरों के अस्तित्व की चिंता सताने लगी है। देर रात से ही नदी किनारे ग्रामीणों और नेताओं की भारी भीड़ जुटी रही।

जियो बैग और बांस के सहारे कटान रोकने की कोशिश

बाढ़ विभाग के एई आकाश यादव और जेई राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने रात में ही जियो बैग, प्लास्टिक की बोरियों और बांस के कट्ठों की मदद से कटान रोकने का प्रयास शुरू कर दिया। सोमवार सुबह से मजदूरों की टीम बांस के कट्ठों में जियो बैग और बोरियां भरकर नदी के कटान को रोकने में जुटी रही। अधिकारियों और कर्मचारियों की लगातार कोशिशों के बाद सोमवार दिन में कटान की रफ्तार कुछ हद तक कम हुई, हालांकि बस्ती पर खतरा बना हुआ है।

घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर जा रहे ग्रामीण

कटान के भय से महाराजपुर के ग्रामीण घरों का जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुनीब यादव ने बताया कि नदी के बस्ती के बेहद करीब पहुंच जाने से लोग डरे हुए हैं और अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाने लगे हैं।

एसडीएम ने बताया कि प्रभावित ग्रामीणों के लिए चितबिसांव खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय में अस्थायी शरणालय बनाया गया है। वहां ठहरने वाले लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई है।

विधायक और सपा नेता ने लिया जायजा

महाराजपुर में कटान की सूचना मिलने पर देर रात नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू, प्रवीण कुमार सिंह और नीरज सिंह गुड्डू भी मौके पर पहुंचे। वहीं, सोमवार दिन में विधायक केतकी सिंह और सपा नेता रंजीत चौधरी ने कटान स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली। सरयू नदी के लगातार कटान से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। सभी की निगाहें नदी के जलप्रवाह और कटान रोकने के लिए चलाए जा रहे बचाव कार्यों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *