बांसडीह (बलिया)। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह में मरीजों के बीच फल वितरित किए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि 1962 में चीन के साथ युद्ध के बाद देश के सामने कई चुनौतियां थीं। वहीं, पाकिस्तान में गृहयुद्ध के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने साहसिक निर्णय लेते हुए बांग्लादेश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके दृढ़ नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण के कारण उन्हें ‘आयरन लेडी’ के नाम से जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन और देश के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों और योगदान से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करने की जरूरत है।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी वीर बहादुर, बिजेंद्र पांडेय मुखिया, अरुण कुमार तिवारी, अनिल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


