ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी
लालगंज(बलिया)। मुरलीछपरा विकास खंड की लच्छू टोला ग्राम पंचायत में बुधवार को वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अग्रणी बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की लालगंज शाखा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सी-केवाईसी, बैंक खातों में नामांकन की सुविधा, निष्क्रिय एवं अदावी खातों में जमा धनराशि का दावा करने की प्रक्रिया, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना तथा बैंक ऋण का समय से भुगतान करने के बारे में विस्तार से बताया गया।
जिला अग्रणी प्रबंधक सुशील कुमार ने कहा कि वित्तीय समावेशन देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने ग्रामीणों से नियमित बचत करने और बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार को बढ़ावा देने की अपील की।
वहीं, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के वित्तीय साक्षरता केंद्र (एफएलसी) के प्रतिनिधि अनिल शुक्ला ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपना भविष्य सुरक्षित करने का आह्वान किया।
अंत में शाखा प्रबंधक संजीव कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।


