कस्तूरबा विद्यालय का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Spread the love

डीएम ने कक्षों में पहुंचकर देखीं व्यवस्थाएं, मेनू के अनुसार भोजन बनाने के निर्देश

बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने शुक्रवार को विकासखंड सीयर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से पढ़ाई, भोजन, कंप्यूटर शिक्षा सहित अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की संख्या के संबंध में भी पूछताछ की। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में कुल आठ शिक्षक कार्यरत हैं। वहीं चौकीदार, सफाई कर्मचारी और रसोइयों सहित कुल 14 कर्मचारी विद्यालय में सेवाएं दे रहे हैं।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि छात्राओं की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक बच्ची को नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके। उन्होंने भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार कराने तथा उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर एवं सभी कक्षों में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों ने विद्यालय के सभी कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बेहतर वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *