जयप्रभा सेतु से कूदकर कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा ने दी जान

Spread the love

लालगंज (बलिया)। उत्तर प्रदेश और बिहार को सड़क मार्ग से जोड़ने वाले एनएच-19 स्थित जयप्रभा सेतु से गुरुवार दोपहर कंप्यूटर इंजीनियरिंग की 25 वर्षीय छात्रा ने उफनती सरयू नदी में छलांग लगा दी। करीब 50 फीट नीचे नदी में गिरने के बाद वह तेज धारा में बहती हुई करीब एक किलोमीटर दूर धनी छपरा गांव के सामने तक पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती वहां लोगों से बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी और वह गहरे पानी में समा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती फोन पर किसी से बात करते हुए उत्तेजित अवस्था में सेतु के पिलर संख्या दो के पास पहुंची। देखते ही देखते वह रेलिंग पर चढ़ गई और नदी में छलांग लगा दी। घटना के दौरान दो बाइक सवार युवक भी वहां पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक युवती का पीछा करते हुए घटनास्थल तक आए थे, लेकिन उसके नदी में कूदने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना के कुछ देर बाद उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर एक महिला बदहवास हालत में पहुंची। महिला ने खुद को बलिया जनपद के दोकटी थाना क्षेत्र के सेवकराय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी बताया। उन्होंने नदी में कूदने वाली युवती की पहचान अपनी 25 वर्षीय पुत्री सौम्या सिंह के रूप में की।

परिजनों के मुताबिक सौम्या ने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली के बदरपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी।

सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश और बिहार, दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में शव की तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था। पुलिस घटना के कारणों और युवती के साथ मौके पर पहुंचे बताए जा रहे बाइक सवार युवकों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *