दुबहड़(बलिया)। क्षेत्र के ग्राम किशुनीपुर स्थित तिवारी टोला में विराजमान बाबा हरेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित 24 घंटे का संगीतमय अखंड हरि नाम संकीर्तन शुक्रवार को हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर आयोजित विशाल महाप्रसाद में आसपास के श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। बृहस्पतिवार को धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ प्रकांड विद्वान पंडित परमात्मानंद तिवारी एवं पंडित सुनील ओझा के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोचार व विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। मुख्य यजमान भृगुनाथ तिवारी ने सपत्नीक पूजन कर विश्व कल्याण एवं क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। 24 घंटे तक चले इस अखंड संकीर्तन के दौरान मंदिर परिसर ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ के महामंत्र से गुंजायमान रहा। संकीर्तन में ख्यातिलब्ध कलाकारों एवं गायक मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। राम रसिया लल्टू पाठक, मानव पीयूष पवन तिवारी, नारदी व्यास हृदयानंद साहनी, शुभम पाठक एवं राजू शर्मा जैसे कीर्तन प्रेमी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति भजनों व कर्णप्रिय धुनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
शुक्रवार को संकीर्तन की समाप्ति के उपरांत देवाधिदेव महादेव, माता पार्वती, श्री हनुमान जी महाराज सहित समस्त देवी-देवताओं की महाआरती उतारी गई। तदुपरांत विधि-विधान से हवन कुंड में आहुतियां डालकर पूर्णाहुति की गई।
शिव कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े धूमधाम से किया जाता है। बाबा हरेश्वर नाथ की महिमा अपरंपार है; जो भी भक्त सच्चे मन से उनके दरबार में अपनी अर्जी लगाता है, देवाधिदेव उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। विशेष रूप से श्रावण मास में यहाँ श्रद्धालुओं द्वारा अनवरत रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया जाता है। इस धार्मिक महाआयोजन को सफल बनाने में शोकहरण तिवारी, विनोद तिवारी, सुखदेव तिवारी, प्रमोद तिवारी, नमो नारायण तिवारी, विजय नारायण तिवारी, सोनू तिवारी, अखिलेश तिवारी, रवींद्र तिवारी, राजेंद्र तिवारी, अन्नपूर्णा नन्द तिवारी एवं कृष्ण देव तिवारी सहित समस्त ग्रामवासियों तथा शिव कमेटी के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
बाबा हरेश्वर नाथ मंदिर में 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन संपन्न, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु


