जेएनसीयू का अष्टम् दीक्षान्त समारोह 29 जुलाई को

Spread the love

राज्यपाल करेंगी अध्यक्षता

बलिया । जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय का अष्टम् दीक्षान्त समारोह 29 जुलाई को होगा। विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की श्री राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल अध्यक्षता करेंगी। पद्मश्री (डॉ.) अशोक कुमार सिंह, पूर्व निदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली मुख्य अतिथि होंगे, जो विद्यार्थियों को दीक्षोपदेश प्रदान करेंगे। डॉ. सिंह को चावल की नयी प्रजातियों के अनुसंधान एवं उनकी गुणवत्ता सुधारने के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए कई सम्मानों से अलंकृत किया गया है। श्री योगेन्द्र उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री, उच्च शिक्षा, उ. प्र. और श्रीमती रजनी तिवारी, राज्य मंत्री, उच्च शिक्षा, उ. प्र. विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारेंगे।

 

इस अवसर पर स्नातक के 13,261 विद्यार्थियों को जिनमें 8093 महिलाएँ और 5167 पुरुष हैं, परास्नातक के 5,936 विद्यार्थियों को जिनमें 3,768 महिलाएँ और 2,166 पुरुष हैं को उपाधियाँ वितरित की जायेंगी। कुल उपाधि प्राप्तकर्ताओं की संख्या 19,197 है, जिनमें 11,861 पुरुष और 7,333 महिलाएँ हैं। इसके अलावा पी-एच. डी. के 30 शोधार्थियों को भी उपाधियाँ प्रदान की जायेंगी। इस अवसर पर अपनी कक्षा में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जायेगा। कुल 44 स्वर्ण पदक विजेताओं में 35 छात्राएँ और 9 छात्र हैं। एम. एस-सी. रसायन विज्ञान की छात्रा नन्दिनी वर्मा को विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के फलस्वरूप कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किया जायेगा। इस बार पहली बार एक नया स्वर्ण पदक डॉ. काशी प्रसाद जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक प्रदान किया जा रहा है, जो विश्वविद्यालय की प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की छात्रा विनीता सिंह को प्रदान किया जायेगा।

 

दीक्षान्त समारोह की महत्ता को देखते हुए माननीय कुलाधिपति के निर्देशानुक्रम में दीक्षान्त से पूर्व दीक्षोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय परिसर, प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्रों पर काव्य लेखन, निबंध, चित्रकला आदि विभिन्न प्रतियोगितायें आयोजित की गयीं थीं। प्राथमिक विद्यालयों के विजेताओं को इस अवसर पर माननीय कुलाधिपति सम्मानित करेंगी। माननीय कुलाधिपति द्वारा इस समारोह के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 200 किट भी वितरित किये जायेंगे, जिसमें 100 किट जिला प्रशासन और 100 किट विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा। माननीय कुलाधिपति का विशेष ध्यान बालिका एवं महिला स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण की ओर रहता है। इसलिए इस अवसर पर किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण भी होगा, माननीय कुलाधिपति द्वारा इन किशोरियों को प्रमाणपत्र प्रदान किये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *