बलिया । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का शनिवार को बलिया आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए विनोद राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और उसकी सबसे बड़ी ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि सेवा, राष्ट्रहित और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि विनोद राय लंबे समय से संगठन के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उनका अनुभव, कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, विधायक केतकी सिंह, उपेंद्र तिवारी, आनंद स्वरूप शुक्ला, रविंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजीव कुमार डम्पू ने किया।
समारोह के दौरान “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि विनोद राय के नेतृत्व में गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी नई उपलब्धियां हासिल करेगी।

