लालगंज(बलिया)। जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) आनंद प्रकाश ने मुरलीछपरा ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) पंकज कुमार गोंड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के साथ उन्हें बैरिया ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए हनुमानगंज के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को जांच अधिकारी नामित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय गलियारों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मुरलीछपरा के बीडीओ शकील अख्तर अंसारी ने ग्राम पंचायत सोनकी भाट, खवासपुर और श्रीपतिपुर के प्रभार वाले ग्राम विकास अधिकारी पंकज कुमार गोंड के खिलाफ जिला विकास अधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि सचिव बिना किसी पूर्व अनुमति के पिछले 10 दिनों से अनुपस्थित थे। इसके अलावा उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, आधार कलेक्शन और फैमिली आईडी संबंधित कार्यों में भी लापरवाही बरती। साथ ही ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक बैठक में भी अनुपस्थित रहे और जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद पंचायत भवनों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगवाए।
बीडीओ की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए जिला विकास अधिकारी ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पंकज कुमार गोंड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही उन्हें बैरिया ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध करते हुए हनुमानगंज बीडीओ को मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्रामीण भी सचिव के कार्य व्यवहार से असंतुष्ट थे और उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

