अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 419 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद, तीन गिरफ्तार

Spread the love

मैजिक वाहन समेत 19 कार्टून अवैध पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस किया जा रहा था भंडारण और कारोबार

बलिया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बलिया की कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कृष्णा नगर-बेदुआ मार्ग स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने वाली गली में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 419 किलोग्राम अवैध पटाखे तथा एक मैजिक वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस अधिक्षक ईराज राजा के अनुसार,थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह और उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार विश्वास पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा नगर-बेदुआ मार्ग पर एक मैजिक वाहन में भारी मात्रा में अवैध पटाखे लोड किए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को घेर लिया और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल गुप्ता पुत्र मोहन प्रसाद गुप्ता, राजकुमार पुत्र कन्हैया प्रसाद, निवासी कृष्णा नगर थाना कोतवाली बलिया तथा ज्वाला साह पुत्र मुन्ना साह, निवासी देवरिया कला थाना फेफना बलिया के रूप में हुई है।

पुलिस ने मैजिक वाहन की तलाशी ली तो उसमें 14 कार्टून अवैध पटाखे मिले। इसके बाद आरोपियों के घरों की तलाशी में पांच और कार्टून बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 19 बंद कार्टूनों में लगभग 419 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। इसके साथ ही यूपी-60-बीटी-1193 नंबर का मैजिक वाहन भी जब्त किया गया।

पूछताछ में हुआ अवैध भंडारण का खुलासा

पूछताछ में राहुल गुप्ता और राजकुमार ने बताया कि वे अपने भाई भोला गुप्ता के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से पटाखे लाकर उनका भंडारण करते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके पास पटाखों की बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं है। वहीं, वाहन चालक ज्वाला साह ने बताया कि राहुल और राजकुमार के बुलाने पर वह पटाखों को अपने वाहन में लोड कर रहा था।

पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 452/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(B)(1)(b) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और 125(a) में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था। त्योहारों के दौरान जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *