रसड़ा (बलिया)।93 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनुराग तिवारी एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल रविन्द्र किंगरा के निर्देशन में बाबा रामदल सूरजदेव स्मारक पीजी कॉलेज, पकवाइनार में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने एकता मार्च निकालकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित एकता मार्च (रन फॉर यूनिटी) में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता हेतु लोगों को जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मो. अब्दुलरब सिद्दीकी ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व के बल पर देशी रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत की एकता एवं अखंडता की मजबूत नींव रखी। वहीं, एनसीसी प्रभारी जनमेजय सिंह ने कैडेट्स को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक एकता को सुदृढ़ करने के लिए सदैव समर्पित रहने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सिंह समेत शिक्षक एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।


