स्कूल नेशनल को शुरू हुआ टीमों का आगमन

Spread the love

बलिया। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में जनपद में आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीमों का आगमन शुक्रवार की रात को प्रारंभ हो गया। शुक्रवार को आईपीएससी की टीम जनपद पहुंचने वाली पहली टीम बनी। शनिवार की सुबह मणिपुर की टीम का आगमन हुआ। पूरे दिन में असम,दिल्ली, हिमांचल,पंजाब, कर्नाटक, उड़ीसा समेत कुल एक दर्जन टीमों का बलिया आगमन हुआ। रेलवे स्टेशन पर उपस्थित आयोजन समिति के सदस्यों ने जनपद आ रही टीमों के खिलाड़ियों का स्वागत माल्यार्पण एवं मिष्ठान खिलाकर किया। इसके बाद निर्धारित वाहनों से टीम को उनकी आवासीय व्यवस्था तक पहुंचाया गया। रविवार एक नवंबर से सभी टीमों की आवासीय व्यवस्था होटलों में की गई है।

 

 

राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर 17 बालक वर्ग की कुल 36 टीमों की प्रतिभागिता फाइनल हो चुकी है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल 644 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। वहीं प्रत्येक टीम के साथ कोच एवं मैनेजर भी उपस्थित रहेंगे। स्थानीय स्तर पर प्रत्येक टीम के साथ एक लाइजनिंग ऑफिसर की भी ड्यूटी लगाई गई हैं। ये लाइजनिंग ऑफिसर अपनी संबंधित टीम एवं आयोजन समिति में समन्वय स्थापित करते हुए टीम के आवास, भोजन,खेल मैदान एवं यातायात की सुविधा समयबद्ध उपलब्ध कराएंगे। गौरतलब हो कि उक्त आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों,निर्णायकों, लाइजनिंग ऑफिसर्स तथा विभागीय अधिकारियों के लिए आवासीय व्यवस्था जनपद के विभिन्न होटलों में कराई जा रही है।

 

मण्डलीय क्रीड़ा सचिव एवं प्रतियोगिता समन्वयक दिनेश कुमार सिंह ने आयोजन समिति के सभी सदस्यों के साथ युद्ध स्तर पर तैयारियां जारी रखी हैं। वहीं वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंच समेत अन्य कार्यों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। बरसात से खेल मैदान अवश्य प्रभावी हुआ है,लेकिन जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि पूरी उम्मीद है कि खेल मैदान भी समय से तैयार हो जाएगा। शनिवार को आयोजन हेतु निर्धारित सभी समितियों के नोडल ने वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में अपनी बैठकें कर कार्ययोजना बनाई। इस दौरान क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव,दिनेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह,पंकज सिंह, दिनेश प्रसाद,शशि प्रकाश राय,अजीत सिंह, दिलीप राय,दानिश मोहसिन, भूपेश सिंह,रामजन्म,अबरार अहमद खान,पंकज आर्य, पंकज यादव,सुनील चौरसिया, अनूप राय, पवन आर्य,प्रवेंद्र यादव,किरण सिंह,नरेंद्र यादव,अजीत कुमार,मनोज पाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *