सिकंदरपुर (बलिया)। थाना क्षेत्र के कीकोढ़ा मार्ग स्थित बड़ी पुलिया के नीचे मंगलवार को पानी में 18 वर्षीय युवती का शव उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान कीकोढ़ा निवासी मुस्कान (18), पुत्री रेयाज खान उर्फ कप्पू के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसके पिता टैंकर चलाते हैं और काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं।
ग्रामीणों के बीच घटना से एक दिन पहले मां-बेटी के बीच विवाद होने की चर्चा है, हालांकि इसका युवती की मौत से कोई संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


