तेरह साल तिरपाल के नीचे गुजारे, अब पक्के घर में मिला सुकून

Spread the love

समाजसेवी सूर्यभान सिंह की पहल से गरीब परिवार को मिला स्थायी आश्रय

लालगंज(बलिया) । विकास खंड मुरलीछपरा की ग्राम पंचायत हृदयपुर में करीब 13 वर्षों से तिरपाल के नीचे जीवन गुजार रहे गरीब परिवार के लिए पक्के आवास में प्रवेश करना किसी सपने के सच होने जैसा है। लंबे समय तक धूप, बारिश और ठंड के बीच कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने वाले परिवार को अब सिर छिपाने के लिए स्थायी छत मिलने से बड़ी राहत मिली है।

परिजनों के अनुसार, बीते 14 और 15 अक्टूबर की रात विजय बारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया था। ऐसे कठिन समय में समाजसेवी सूर्यभान सिंह ने अंतिम संस्कार की व्यवस्था कराई और परिवार को एक सप्ताह के भीतर छत मुहैया कराने का भरोसा दिया।

अपने वादे के मुताबिक सूर्यभान सिंह ने शनिवार को ईंट, सीमेंट और बालू की व्यवस्था कराकर मिस्त्री व मजदूरों की मदद से आवास निर्माण कार्य शुरू कराया। उनकी पहल से लंबे समय से अभावों में जीवन गुजार रहे परिवार को अब पक्का आशियाना मिलने की राह खुल गई।

ग्रामीणों के अनुसार, विजय बारी का परिवार सरकारी आवास, पेंशन, शौचालय, उज्ज्वला गैस और आयुष्मान कार्ड जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पात्रता के बावजूद परिवार को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका। हालांकि, इस संबंध में पंचायत सचिव योगेश चौबे ने कहाँ की पीड़ित परिवार की हर आवश्यक सुबिधा जल्द ही उपलब्ध करायी जायेगी ।

सूर्यभान सिंह क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों की सहायता, बीमार लोगों के इलाज और गांवों में रास्तों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहयोग के लिए भी जाने जाते हैं। ग्रामीणों ने उनकी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरत के समय किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतर उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *