बांसडीह में बंद मकान का ताला तोड़ लाखों के आभूषण और 50 हजार नकदी चोरी

Spread the love

बांसडीह(बलिया) ।कस्बा के वार्ड नंबर-11 में चोरों ने एक दो मंजिला मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चुरा लिए। परिवार के लोग बुधवार सुबह वाराणसी गए थे। गुरुवार देर शाम घर लौटने पर उन्हें मकान का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

वार्ड नंबर-11 निवासी सुरेश पांडेय अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनके पुत्र और पुत्रवधू नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। सुरेश पांडेय बुधवार सुबह घर में ताला बंद कर वाराणसी में भर्ती रिश्तेदार को देखने गए थे। गुरुवार देर शाम लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी भी टूटी हुई थी और उसमें रखे आभूषण व नकदी गायब थे।

सुरेश पांडेय के अनुसार, चोर 50 हजार रुपये नकद के साथ सोने का मांगटीका, नथिया, झुमके, टॉप्स, बाली, अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, चेन, चांदी की पायल, दर्जनों बिछिया, नाक की कील समेत अन्य आभूषण चुरा ले गए। चोरी गए गहनों में उनकी पत्नी और बहू के आभूषण भी शामिल हैं। परिवार के मुताबिक, वे महज एक दिन के लिए घर बंद कर वाराणसी गए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लगातार हो रही चोरी

बांसडीह। कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चोर घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई मामलों में अब तक न तो चोरी गए सामान की बरामदगी हुई है और न ही घटनाओं का खुलासा हो सका है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पुराने मामलों का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इनमें वार्ड नंबर-7 में कुबेर पांडेय के घर हुई चोरी, डूहीं मूसी चट्टी में स्वर्णकार पंकज सोनी की दुकान से चांदी के आभूषण और नकदी की चोरी, शाहपुर में दो मंजिला मकान से लाखों रुपये के सामान की चोरी तथा पुलिस चौकी से महज 50 मीटर दूर दिनेश सिंह के बंद मकान में हुई चोरी शामिल हैं। बांसडीह-सहतवार मार्ग स्थित एहसानुल हक की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में नकब लगाकर करीब डेढ़ लाख रुपये के सामान की चोरी, वार्ड नंबर-6 में छात्रनेता आदर्श मिश्र के घर और संतोष शर्मा की फर्नीचर दुकान में चोरी तथा राजपुर बघौली में अनिकेत कुमार के मकान से आभूषण और नकदी चोरी होने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

लोगों के अनुसार, वार्ड नंबर-7 में अत्री मिश्र और सन्नी मिश्र के घरों में चोरी तथा वार्ड नंबर-3 में उमेश मिश्र की पानी की मोटर चोरी होने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *