दयाछपरा(बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दयाछपरा निवासी सीआरपीएफ जवान घनश्याम राम (52) का इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह सीआरपीएफ की 102वीं बटालियन में तैनात थे। कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे घनश्याम राम के निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

रविवार की शाम बटालियन के जवान उनका पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक आवास दयाछपरा पहुंचे। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को देखते ही परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ ‘घनश्याम राम अमर रहें’ के नारे लगाए और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद पचरुखिया गंगा घाट स्थित मुक्ति धाम पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र विशाल कुमार ने मुखाग्नि दी। पिता के पार्थिव शरीर के पास बेटियां प्रतिमा और उजाला का करुण क्रंदन सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। घनश्याम राम अपने पीछे एक पुत्र विशाल कुमार (20 वर्ष) और दो पुत्रियां प्रतिमा (30 वर्ष) तथा उजाला (19 वर्ष) को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी प्रमिला देवी का निधन पहले ही हो चुका था।
“सीआरपीएफ के जवानों ने दी अंतिम सलामी”
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, वाराणसी से पहुंचे इंस्पेक्टर निरंजन कुमार सिंह, मैनेजर यादव, हरिनंदन राम, मनोज कुमार यादव और अमरेश कुमार सहित 15 सदस्यीय टीम ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी जवान को अंतिम सलामी दी। राजकीय सम्मान के साथ दी गई।अंतिम विदाई के दौरान माहौल गमगीन हो गया।
“शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग”
पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोरंजन राव के बड़े भाई घनश्याम राम का पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचते ही शुभचिंतकों, मित्रों और रिश्तेदारों का तांता लग गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे और उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह,तिवारी प्लाजा के डायरेक्टर विजय कुमार तिवारी, ग्राम प्रधान हृदयानंद वर्मा, राजकुमार रजक, किसुन पासवान, गुड्डू पासवान, अमर गुप्ता, विनोद सिंह, गजेश पांडेय, डुलडुल, श्यामू ठाकुर, अंगद मिश्र, फौजी,कमांडो अवनीश कुमार कुशवाहा, लालजी पासवान, ध्रुव नारायण शर्मा, मनोज कुशवाहा, अनिल पांडेय, राजदेव वर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


