13 अक्टूबर को बांसडीह महाविद्यालय परिसर में होगा कार्यक्रम, निःशुल्क पास और वाहन की सुविधा भी उपलब्ध
बासडीह(बलिया) । नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं में आपसी समन्वय, सहयोग एवं सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह की ओर से 13 अक्टूबर को डांडिया नाइट का आयोजन किया जा रहा है। बांसडीह महाविद्यालय परिसर में शाम पांच बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भक्ति, संगीत और पारंपरिक उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
विधायक केतकी सिंह ने बताया कि नवरात्र केवल मां दुर्गा की आराधना का पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने तथा आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें सकारात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
विधायक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वाराणसी के प्रसिद्ध धर्माचार्यों द्वारा मां भगवती की आरती, भजन तथा पारंपरिक डांडिया नृत्य का आयोजन किया जाएगा। भक्तिमय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं में उत्साह का माहौल रहने की उम्मीद है।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क पास के माध्यम से होगा और प्रवेश केवल महिलाओं एवं बालिकाओं को दिया जाएगा। इसके साथ ही बांसडीह क्षेत्र की महिलाओं की सुविधा के लिए निःशुल्क वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वे आसानी से कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
नवरात्र के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ-साथ महिला सहभागिता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने की दिशा में एक पहल माना जा रहा है।


