सरयू नदी में डूबने से सात वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Spread the love

 

लालगंज (बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के रामेश्वर टोला अठगावां में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बालक की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सनोज पासवान के पुत्र ऋतिक पासवान के रूप में हुई है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार 10 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:30 बजे ऋतिक अपनी बुआ के साथ सरयू नदी के घाट पर गया था। उसकी बुआ नदी किनारे कपड़ा धो रही थीं। इसी दौरान अचानक ऋतिक का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर बैरिया के नायब तहसीलदार आशीष सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्यभान सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में ढांढस बंधाया और अपनी संवेदना व्यक्त की।

इस संबंध में जयप्रकाश नगर चौकी प्रभारी ऋषिकेश गुप्ता ने बताया कि बालक के शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *