महिलाओं के कौशल विकास हेतु चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

Spread the love

बलिया । जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के जे.एन.सी.यू. फाउंडेशन, इनक्यूबेशन एवं इनोवेशन सेंटर की ओर से ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ला जी के संरक्षण तथा जे.एन.सी.यू. फाउंडेशन की निदेशक डॉ. रूबी एवं डॉ. विवेक कुमार के दिशा-निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में निदेशिका शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा प्रशिक्षण की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी चार दिनों में होने वाली गतिविधियों के संबंध में प्रतिभागियों को जानकारी दी गई।

इस अवसर पर निदेशिका शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान करना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं से प्रशिक्षण को केवल सीखने तक सीमित न रखते हुए उसे अपनी आजीविका और स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं में अनेक पारंपरिक एवं व्यावहारिक कौशल मौजूद हैं, जिन्हें उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से आर्थिक अवसरों में परिवर्तित किया जा सकता है।

चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में नरहीं एवं बसंतपुर गांव की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को संबंधित कार्य की तकनीक, सामग्री, निर्माण प्रक्रिया तथा उसके व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में प्रशिक्षक रिशु श्रीवास्तव एवं निशांत ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण की विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन करते हुए महिलाओं को बारीकियों से अवगत कराया तथा उन्हें स्वयं अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार से जोड़ना है, ताकि वे अपने हुनर को आय के साधन में परिवर्तित कर सकें। विश्वविद्यालय एवं जे.एन.सी.यू. फाउंडेशन की ओर से भविष्य में भी ग्रामीण महिलाओं के लिए ऐसे प्रशिक्षण एवं नवाचार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *