बांसडीह(बलिया)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री स्व. रामगोविंद चौधरी के खिलाफ फेसबुक पर अमर्यादित और अशोभनीय टिप्पणी किए जाने के मामले में सहतवार पुलिस ने ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी सचिव को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सहतवार कस्बा निवासी और बैरिया ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत सचिव दिग्विजय सिंह त्रिकालद्रष्टा ने अपनी फेसबुक यूजर आईडी से स्व. रामगोविंद चौधरी के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए पोस्ट किया था। पोस्ट का स्क्रीनशॉट व्हाट्सएप पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
मामले में पुलिस के सोशल मीडिया सेल ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सहतवार थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सचिव की फेसबुक यूजर आईडी के संबंध में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिवंगत नेता की छवि खराब करने तथा समाज में वैमनस्य फैलाकर शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।


